
अनूपपुर। अनूपपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सेडमैप के माध्यम से हुई आउटसोर्सिंग नियुक्तियों में भारी भ्रष्टाचार और अनियमितता के गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता वसंत कुमार ने राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल और कलेक्टर को सौंपे आवेदन में बताया कि कंप्यूटर ऑपरेटर और एम.टी.एस. पदों के लिए हुई चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं थी।
आरोप है कि साक्षात्कार से पूर्व ही 112 अपात्रों की सूची तैयार थी, जिसमें 21 अनुपस्थित अभ्यर्थियों का भी चयन कर लिया गया। साथ ही, 59 चयनित उम्मीदवारों का ऑनलाइन रिकॉर्ड तक मौजूद नहीं है। शिकायत में 30,000 रुपये की अवैध मांग और चहेतों को गृह ग्राम में नियुक्ति देने के दावे किए गए हैं। यह भी आरोप है कि चयन हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर दबाव बनाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने कलेक्टर को पत्र लिखकर प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जाँच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
