
इंदौर. वन विभाग ने अवैध रूप से लकड़ी परिवहन करते हुए एक वाहन को जब्त किया है. कार्रवाई 17 जून को मुखबिर की सूचना पर की गई.
वन मंडल अधिकारी लाल सुधाकर सिंह के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्र अधिकारी संगीता ठाकुर के निर्देशन में टीम ने एमओजी लाइन क्षेत्र में घेराबंदी कर अशोक लीलैंड वाहन एमपी 42 जी 2890 को रोका. तलाशी लेने पर वाहन में आरकाट प्रजाति की लकड़ी पाई गई. ड्राइवर राकेश निवासी लबरिया भेरू, इंदौर से पूछताछ में सामने आया कि वह लकड़ी देवगुराड़िया क्षेत्र से लेकर आ रहा था, लेकिन उसके पास किसी प्रकार के कोई दस्तावेज नहीं थे. वन विभाग ने मौके पर वाहन जब्त कर पीओआर प्रकरण दर्ज किया है. कार्रवाई में वनरक्षक आशीष कुशवाह, अमित तोमर और अमन मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
