नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) दिल्ली सरकार आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं उनके घर के निकट और सरल तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 18 से 20 जून तक राजधानी के 42 स्थानों पर जन कल्याण शिविर आयोजित करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को बताया कि इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जायेगा, जिससे लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।उन्होंने कहा कि जन कल्याण शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार की प्राथमिकता पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। अधिकतर शिविर विद्यालय परिसरों में लगाये जायेंगे। सभी शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शिविरों में दिल्ली जल बोर्ड, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, ऊर्जा तथा शहरी विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। यहां राशन कार्ड, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, जनधन खाते, पिंक कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, स्टार्टअप इंडिया, एमएसएमई ऋण सुविधाओं और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित सेवाएं एवं जानकारी उपलब्ध कराई जायेगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के कमजोर वर्गों के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। शिविरों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाड़ली योजना, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, विधवा पुत्री विवाह सहायता तथा अन्य पेंशन योजनाओं से जुड़े कार्य किये जायेंगे। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और बीपीएल परिवारों के लिए आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
