
सीधी । सीधी जिले ने खनिज राजस्व संग्रहण एवं प्रवर्तन कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा के नेतृत्व, सुशासन की प्रतिबद्धता तथा राजस्व संवर्धन एवं रोजगार सृजन के प्रति समर्पित प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पूर्व वर्षों में खनिज राजस्व प्राप्ति के मामले में सीधी जिला प्रदेश में सामान्यतः 20वें से 25वें स्थान के बीच रहा करता था, जबकि वर्तमान में जिला प्रदेश स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त करने में सफल हुआ है। यह उपलब्धि कलेक्टर के सतत मार्गदर्शन तथा खनिज विभाग की सक्रिय कार्यशैली का परिणाम है। विभागीय अधिकारियों द्वारा अवकाश दिवसों में भी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए रेलवे, निर्माण एजेंसियों एवं खदान संचालकों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही सभी उपखंडों में अनुविभागीय अधिकारियों की अध्यक्षता में मासिक तथा कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी की अध्यक्षता में त्रैमासिक समीक्षा बैठकें आयोजित कर स्वीकृत खदानों के संचालन से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया गया। जिले में स्वीकृत खदानों के सुचारू संचालन, अधिकतम राजस्व प्राप्ति, स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन तथा अनुमोदित खनन योजना एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप खनिज उत्पादन एवं रॉयल्टी जमा कराने पर विशेष बल दिया गया। खनन पट्टाधारकों के साथ समन्वयात्मक एवं सकारात्मक संवाद स्थापित कर उन्हें खनिज व्यवसायी के रूप में सम्मान दिया गया, जिससे खनिज क्षेत्र में निवेश एवं उत्पादन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला। वर्तमान में जिले की लगभग सभी स्वीकृत खदानें संचालित हैं, जिसके परिणामस्वरूप राजस्व संग्रहण में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है।
राजस्व संकलन की जानकारी-
वित्तीय वर्ष 2023-24 में जिले द्वारा 30 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2024-25 में 32 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया था, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 38 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में शासन द्वारा निर्धारित 10.27 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 16.85 करोड़ रुपये की प्राप्ति कर 164 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई, जिसके आधार पर सीधी जिले ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई है। पूर्व वर्षों की तुलना में दोगुनी कार्रवाई करते हुए 74 प्रकरण दर्ज किए गए तथा लगभग 33 लाख रुपये की राशि वसूल कर शासकीय कोष में जमा कराई गई। इस उपलब्धि के आधार पर जिला प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा है। निर्धारित लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्ति एवं अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई को लेकर विभागीय प्रमुखों द्वारा जिला प्रशासन एवं खनिज टीम की सराहना की गई है।
उपलब्धियों में समन्वित प्रयास-
उक्त उपलब्धियां कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में वनमण्डल अधिकारी प्रीति अहिरवार, उप संचालक सोन घड़ियाल अभ्यारण्य राजेश कन्ना टी., समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, खनिज विभाग, पुलिस एवं वन अमले के समन्वित प्रयासों से संभव हो सकी हैं। इसी क्रम में 17 जून 2026 को ग्राम बघवार तहसील रामपुर नैकिन में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए गए तीन हाइवा वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी पिपरांव में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
