अशोकनगर: ग्राम पंचायत रातीखेड़ा में लापरवाही और गंदगी पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश जैन ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था, गंदगी और योजनाओं में लापरवाही मिलने पर सरपंच को धारा 40 के तहत नोटिस जारी किया गया, पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया और ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए।
सीईओ ने आंगनवाड़ी भवन, पंचायत भवन, स्कूल, प्रधानमंत्री आवास, आंतरिक मार्गों, शांतिधाम और भुजरिया तालाब का निरीक्षण किया। तालाब पर अतिक्रमण और नलजल योजना एक वर्ष से बंद मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई, अवैध मकानों से पानी निकासी की व्यवस्था, पोषण वाटिका के लिए शासकीय भूमि का सीमांकन, और संपत्तिकर व जलकर वसूली सात दिवस में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन हितग्राहियों को आवास की किस्त मिल चुकी है, उन्हें तीन दिवस में कार्य प्रारंभ करने के आदेश दिए।
