कच्चे तेल में गिरावट से लगातार दूसरे दिन मजबूत हुआ रुपया

मुंबई, 15 जून (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और डॉलर में रही नरमी से सोमवार को रुपया लगातार दूसरे दिन मजबूत हुआ।

अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया आज 60 पैसे चढ़ा और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.58 रुपये का बोला गया।

दो दिन में भारतीय मुद्रा 127 पैसे मजबूत हो चुकी है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 67 पैसे की मजबूती के साथ 95.18 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।

ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते की घोषणा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में गिरावट रही। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा पांच प्रतिशत टूटकर 83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक भी 0.25 प्रतिशत गिर गया।

इन दोनों कारकों से रुपये में आज शुरू से ही तेजी देखी गयी। यह 48 पैसे की बढ़त में 94.70 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और सुबह के समय ही 94.45 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। हालांकि इस भाव पर बाजार में डॉलर की लिवाली शुरू हो गयी जिससे रुपये की बढ़त कुछ कम रही।

भारतीय मुद्रा दोपहर बाद 94.77 रुपये प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 94.58 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई।

 

Next Post

आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव साबित हो रहे 'शहरी सेवा शिविर': भजनलाल

Mon Jun 15 , 2026
जयपुर, 15 जून (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परिवेदनाओं एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा है कि शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव साबित हो रहे हैं। श्री शर्मा सोमवार को सांगानेर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर […]

You May Like