
जबलपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में संस्कारधानी जबलपुर का गौरव बढ़ाकर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, तत्कालीन निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार एवं नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार के जबलपुर आगमन पर डुमना एयरपोर्ट पर भव्य, आत्मीय और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू ने उपस्थित सभी जनों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर राष्ट्रीय सम्मान की खुशियां साझा कीं और कहा कि संस्कारधानी की यह उपलब्धि केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प, जनभागीदारी, निरंतर प्रयास और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जागरूकता का राष्ट्रीय सम्मान है।
देश के स्वच्छतम शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल करने की ऐतिहासिक उपलब्धि से उत्साहित संस्कारधानी के नागरिकों ने अपने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का अभिनंदन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एयरपोर्ट पर सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, मीडिया के साथी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं महापौर के शुभचिंतक पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और उत्साह से लबरेज नागरिकों के बीच पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को लेकर उपस्थित जनसमूह में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्वागत और अभिनंदन के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू भी नागरिकों के इस अपार स्नेह और सम्मान को देखकर खुशी से झूम उठे।
निगम परिसर में जोरदार आतिशबाजी
डुमना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह”अन्नू सहित सभी सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां भी निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। निगम मुख्यालय परिसर में आतिशबाजी कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्सव मनाया गया। चारों ओर उल्लास और उत्साह का वातावरण नजर आया।
