इंदौर:शहर में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. जब्त माल की कीमत करीब 96 हजार रुपए आंकी गई है.कार्रवाई खजराना थाना क्षेत्र के स्कीम नंबर 134 स्थित स्टार चौराहे के पास खाली मैदान में की गई. पुलिस टीम को देख दो संदिग्ध युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया.
तलाशी में उनके पास से प्रतिबंधित अल्प्राजोलम की 1200 गोलियां बरामद हुईं. पूछताछ में वे इनके खरीदी-बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अकरम उर्फ चिटकु उम्र 28 साल निवासी इलियास कॉलोनी, खजराना तथा साहिल उम्र 23 साल निवासी गणेश नगर, खंडवा नाका शामिल हैं. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और सस्ते दामों पर गोलियां खरीदकर अन्य नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचते थे, जिससे अपनी लत पूरी कर सकें.
मामले में खजराना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध दवाओं की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव सहित टीम के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की अहम भूमिका रही. थाना प्रभारी का कहना है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
