‘गोलू’ बनकर फिर लौटने को उत्साहित हैं श्वेता त्रिपाठी, ‘मिर्जापुर’ से अपने गहरे जुड़ाव पर की बात

मुंबई, 15 जून (वार्ता)अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट की लोकप्रिय श्रृंखला मिर्जापुर ने भारतीय ओटीटी जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। अपने दमदार किरदारों, रोचक कहानी, प्रभावशाली अभिनय और गहन नाटकीय घटनाक्रम के कारण यह श्रृंखला वर्षों से दर्शकों की पसंद बनी हुई है। अब मिर्जापुर: द मूवी के जरिए यह लोकप्रिय श्रृंखला पहली बार बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।

फिल्म को लेकर बढ़ती उत्सुकता के बीच अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने अपने चर्चित किरदार ‘गोलू’ और मिर्जापुर से मिले दर्शकों के प्यार को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर उनके लिए सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का नाम है। श्वेता ने कहा, “मिर्जापुर हमारे लिए सिर्फ प्यार है और गोलू का किरदार मेरे लिए बेहद खास है। इस यात्रा को लगभग दस वर्ष होने जा रहे हैं। हमने इससे सिर्फ आर्थिक सफलता ही नहीं पाई, बल्कि उससे कहीं अधिक सम्मान, स्नेह और दर्शकों से गहरा जुड़ाव हासिल किया है। कलाकारों और तकनीकी दल के सदस्य अब एक परिवार की तरह बन चुके हैं।” अपने किरदार के बारे में बात करते हुए श्वेता ने कहा कि गोलू एक योद्धा की तरह है, जो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने आत्मसम्मान और साहस को बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि कहानी में जिन घटनाओं का गोलू सामना करती है, वे उसे भीतर तक बदल देती हैं और यही उसके किरदार को विशेष बनाता है।

श्वेता ने बताया कि दूसरे और तीसरे भाग में गोलू के भावनात्मक संघर्षों को निभाना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा, “दूसरे और तीसरे भाग के दौरान मैं एक गहरे अंधेरे भावनात्मक संसार में चली गई थी और उससे बाहर निकलने में मुझे समय लगा। लेकिन इसके बावजूद मैं इस किरदार से बेहद प्यार करती हूं।” उन्होंने मिर्जापुर के चौथे भाग को लेकर भी उत्साह जताया और कहा कि वह एक बार फिर गोलू के किरदार में लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। श्वेता ने कहा, “मैं चौथे भाग का और इंतजार नहीं कर सकती। मैं इसके लिए प्रार्थना कर रही हूं और बेहद उत्साहित हूं। गोलू से दोबारा मिलने का इंतजार अब मुझसे नहीं हो रहा।” गौरतलब है कि मिर्जापुर: द मूवी का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है, जबकि निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म चार सितंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

.....

Next Post

प्रियदर्शन ने आकाशादित्य लामा की फैमिली एंटरटेनर 'दुल्हनिया ले आएगी' को बताया दिल छू लेने वाली फिल्म, दी शुभकामनाएँ

Mon Jun 15 , 2026
मुंबई, 15 जून (वार्ता) भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार प्रियदर्शन ने अपने लंबे समय के सहयोगी और निर्देशक आकाशादित्य लामा की आगामी फिल्म ‘दुल्हनिया ले आएगी’ के लिए अपनी शुभकामनाएँ दी है। महेश मांजरेकर, पियूष मिश्रा और खुशाली कुमार अभिनीत यह फिल्म एक पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर कहानी है, जिसमें […]

You May Like