MYH में लापरवाही, चूहों ने दो दिन में दो मासूमों के हाथ कुतरे

इंदौर: प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय एमवाय अस्पताल में फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है. नवजात शिशु वार्ड में चूहों ने दो मासूमों के हाथ कुतर दिए. घटनाएं लगातार दो दिन में हुईं. रविवार को पहले एक बच्चे को चूहे ने काटा तो सोमवार को फिर दूसरे नवजात को निशाना बनाया गया. इस पर स्टाफ ने सीनियर डॉक्टरों को सूचना दी, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया.

दोनों बच्चों को जन्म के तुरंत बाद नवजात यूनिट में भर्ती किया गया था. रविवार को जब पहली बार एक शिशु को चूहा कुतर गया, तब डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया था. लेकिन अगले ही दिन दूसरी घटना के बाद मामला गंभीर हो गया. बताया जाता है कि यूनिट और अस्पताल परिसर में चूहों की भरमार है. यहां तक कि स्टाफ भी एक बड़े चूहे की मौजूदगी से सहम जाता है. वरिष्ठ डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है और विशेष निगरानी रखी जा रही है. वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश लाहोटी ने माना कि अस्पताल में चूहों की समस्या बढ़ गई है. उन्होंने स्टाफ को अतिरिक्त सतर्कता बरतने और यूनिट में चूहों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए हैं.
परिजन ला रहे खाद्य सामग्री
वहीं अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक यादव का कहना है कि मरीजों के परिजन खाने-पीने की सामग्री लेकर वार्ड तक पहुंच जाते हैं, जिससे चूहों की संख्या तेजी से बढ़ी है. उन्होंने कहा कि पांच साल पहले यहां पेस्ट कंट्रोल किया गया था, लेकिन उसके बाद स्थिति बिगड़ गई है. अब बड़े स्तर पर पेस्ट कंट्रोल और सफाई अभियान चलाया जाएगा. फिलहाल, परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी गई है ताकि घबराहट का माहौल न बने. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि सभी नवजातों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और सुरक्षा इंतजाम सख्त किए जा रहे हैं.

Next Post

डकैती की योजना बनाते 5 बदमाश गिरफ्तार

Tue Sep 2 , 2025
इंदौर: कनाडिया पुलिस ने देर रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच लिस्टेड बदमाशों को धर दबोचा, आरोपियों से करीब 14 लाख रुपए का चोरी का माल और वारदात में प्रयुक्त औजार जब्त किए गए हैं. पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में चार नकबजनी की […]

You May Like