
सिंगरौली । जिला एमेच्योर कुश्ती संघ सिंगरौली के तत्वाधान में बैढ़न स्थित काइट्स राइज विद्यालय परिसर में आयोजित दो दिवसीय विंध्य केसरी संभाग स्तरीय महिला एवं पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का सफल समापन हुआ।
प्रतियोगिता का आयोजन विंध्य क्षेत्र के पहलवानों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा कुश्ती खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एसडी सिंह की उपस्थिति में हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ कराया। अपने संबोधन में विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है। प्रतियोगिता में विंध्य क्षेत्र के विभिन्न जिलों से करीब 42 महिला एवं पुरुष पहलवानों ने भाग लिया। महिला वर्ग में कात्यायनी देवी एवं पुरुष वर्ग में दीपक कुमार बैस चितरंगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विंध्य केसरी का ताज हासिल किया। समापन अवसर पर जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ि़यों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र, नगद पुरस्कार और चैंपियन ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
