फॉरेस्ट गार्ड की हत्या का आरोपी भाजपा नेता गिरफ्त में

मुरैना। मुरैना पुलिस ने फॉरेस्ट गार्ड हरकेश गुर्जर को रेत माफिया के द्वारा ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या करने के तीन आरोपियों में से एक आरोपी भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।

अंततः घटना के 54 घंटे बाद दिमनी थाना पुलिस ने फॉरेस्ट गार्ड की हत्या के मामले में एक आरोपी सोनू चौहान को गिरफ्तार किया है। वह भाजपा युवा मंडल दिमनी का मंत्री बताया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने की पुष्टि पुलिस ने की है। मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी और ट्रैक्टर मालिक पवन तोमर अभी भी फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है।

*राजस्थान के मीणा से पांच साल पहले खरीदा था ट्रेक्टर*

बताया जाता है कि आरोपी सोनू चौहान को कुथीयाना रोड रानपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में ट्रेक्टर भंवर लाल मीणा निवासी राजस्थान, बूंदी के नाम रजिस्टर था। पुलिस को भंवर लाल एवं उसके बेटे ने आरोपी सोनू चौहान को उक्त ट्रैक्टर पांच साल पहले बेचना बताया है।

*रूटीन गश्त पर निकली थी फॉरेस्ट की टीम, तभी हुई बर्बरता*

गौरतलब है कि मुरैना के अंबाह गेम रेंज में बुधवार की सुबह फॉरेस्ट महकमे की 6 सदस्यीय टीम रूटीन गश्त पर निकली थी। तभी सामने से रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखी। टीम ने रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर विनोद कोरी ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भागने की कोशिश की। फॉरेस्ट गार्ड हरकेश गुर्जर रोकने के लिए आगे बढ़े तो विनोद ने उनको कुचल दिया। फिर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग निकला। पास ही बने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में आरोपी विनोद कोरी की तस्वीरें कैद हुई हैं।

*पिछले साल ही हुआ था मुरैना ट्रांसफर*

मृतक वनकर्मी हरकेश गुर्जर अच्छा एथलीट था। उसने स्थानीय स्तर से लेकर नेशनल तक 800 और 1500 मीटर दौड़ में बढ़िया प्रदर्शन किया था। वह नेशनल चैंपियन भी रहा था। कई अवॉर्ड भी जीते। वह सन 2016 में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर सिलेक्ट हुआ था। 26 जून 2016 को पन्ना टाइगर रिजर्व में उसे ज्वाइनिंग मिली थी। 7 अगस्त 2025 को उसका ट्रांसफर मुरैना वन विभाग के गेम रेंज सबलगढ़ के घाट वरोठा में हो गया था। बाद में इसमें संशोधन हुआ और उसे गेम रेंज अंबाह के घाट सांकरी पदस्थ किया गया था।

*बेसहारा हुए पिता, अनाथ हुए मासूम बच्चे*

हरकेश के परिवार में पिता रामनिवास गुर्जर, पत्नी लवली, 4 साल की बेटी तन्वी और 2 साल का बेटा तन्मय हैं। बड़ा भाई ऋषिकेश गुर्जर दतिया की इंदरगढ़ तहसील में रीडर है।

Next Post

ई-विकास प्रणाली से खाद का विक्रय न करने पर दो विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित

Fri Apr 10 , 2026
रीवा। जिले में किसानों को खाद वितरण में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए ई-विकास प्रणाली लागू की गई है. एक अप्रैल से खाद का शत-प्रतिशत वितरण ई-विकास प्रणाली के माध्यम से अनिवार्य किया गया था, लेकिन इसके बावजूद दो खाद विक्रेताओं द्वारा बिना इस प्रणाली के खाद का […]

You May Like

मनोरंजन