‘चंदू चैंपियन’ के दो साल : कार्तिक आर्यन ने अपनी सबसे खास फिल्म को किया याद

मुंबई, 14 जून (वार्ता) बॉलीवुड स्टार कार्तिक आर्यन ने चंदू चैंपियन की रिलीज के दो वर्ष पूरे होने पर इस फिल्म से जुड़ी अपनी यादें साझा करते हुए इसे अपने जीवन की सबसे खास फिल्मों में से एक बताया है।कार्तिक आर्यन ने कहा कि फिल्म के लिए 18 किलो वजन कम करना बड़ी उपलब्धि नहीं थी, बल्कि इस सफर से मिली सीख और अनुभव कहीं अधिक महत्वपूर्ण रहे। कबीर खान के निर्देशन और साजिद नाडियाडवाला के निर्माण में बनी इस फिल्म में कार्तिक आर्यन ने भारत के पहले पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की भूमिका निभाई थी। फिल्म को कार्तिक के करियर की सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों में गिना जाता है और उनके अभिनय के साथ-साथ शारीरिक परिवर्तन की भी व्यापक सराहना हुई थी।

फिल्म की दूसरी वर्षगांठ पर कार्तिक ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाना केवल शारीरिक बदलाव का विषय नहीं था, बल्कि यह एक गहन भावनात्मक और मानसिक यात्रा भी थी। इस भूमिका के लिए उन्होंने कठिन प्रशिक्षण लिया और 18 किलोग्राम वजन कम किया, लेकिन उनके अनुसार इस यात्रा से मिली प्रेरणा और सीख उससे कहीं अधिक मूल्यवान रही। कार्तिक ने अपने संदेश में कहा, “दो साल पहले मैंने एक ऐसे इंसान की जगह खुद को रखा था, जिसे दुनिया लगभग भूल चुकी थी, लेकिन उसी इंसान ने मुझे मेरी अपनी मान्यताओं की याद दिलाई। यह फिल्म सिर्फ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी नहीं है जिसने हार मानने से इनकार कर दिया, बल्कि उन जख्मों और असफलताओं की कहानी है, जिन्होंने उसे सफलता तक पहुंचाया। उस फिल्म के लिए मैंने 18 किलो वजन जरूर कम किया, लेकिन जो मैंने इस सफर से पाया, वह उससे कहीं ज्यादा बड़ा था।”

उन्होंने कहा कि ‘चंदू चैंपियन’ उनके जीवन की सबसे खास फिल्म है। मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए उन्हें खुद को पूरी तरह बदलना पड़ा। सुबह की कड़ी ट्रेनिंग, लगातार मेहनत और किरदार को आत्मसात करने की प्रक्रिया केवल अभिनय नहीं थी, बल्कि एक अलग जीवन को जीने जैसा अनुभव था।
कार्तिक ने कहा कि इस कहानी ने उन्हें यह सीख दी कि दुनिया पहले आपके सपनों पर हंसती है और बाद में उसी की सराहना करती है। सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानते और लगातार आगे बढ़ते रहते हैं। उन्होंने निर्देशक कबीर खान, निर्माता साजिद नाडियाडवाला और पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना यह यात्रा संभव नहीं हो पाती। साथ ही उन्होंने अपने प्रशंसकों को संकेत दिया कि वह जल्द ही कोई नई घोषणा करने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि 14 जून 2024 को रिलीज हुई चंदू चैंपियन में मुरलीकांत पेटकर के संघर्ष, साहस और अदम्य इच्छाशक्ति की कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया गया था। दो वर्ष बाद भी यह फिल्म अपनी प्रेरणादायक कहानी, भावनात्मक प्रभाव और कार्तिक आर्यन के यादगार अभिनय के लिए दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है।

Next Post

सड़क हादसा: इंडस्ट्रियल एरिया ब्रिज के पास अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 3 की मौत, 12 से ज्यादा घायल

Sun Jun 14 , 2026
कटनी। कटनी कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा के पास एक भीषण सड़क हादसे में यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार तीन दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जबकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन लोगों की मौत की खबर भी […]

You May Like