
जावरा। जिले में अवैध मादक पदार्थों और एमडी ड्रग्स के अंतरराज्यीय नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने का अभियान तेजी से जारी है। जिला पुलिस कप्तान अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले की विशेष टीमें ड्रग माफियाओं पर लगातार शिकंजा कस रही हैं। इसी कड़ी में पिपलोदा थाने के बोरखेड़ा एमडी ड्रग्स प्रकरण में पुलिस ने राजस्थान के प्रतापगढ़ निवासी एक और फरार आरोपी हारुन खान को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
इस वर्ष उजागर हुई दो बड़ी एमडी ड्रग फैक्ट्रियों: चिकलाना (थाना कालूखेड़ा) और बोरखेड़ा (थाना पिपलोदा) के मामलों में पुलिस की गहन विवेचना और धरपकड़ का दौर जारी है। पिपलोदा (बोरखेड़ा) प्रकरण में 3 वांटेड सहित कुल 7 आरोपी सलाखों के पीछे है। पिपलोदा थाना क्षेत्र के बोरखेड़ा में एमडी ड्रग्स निर्माण और तस्करी के मामले (अपराध 92/2026, एनडीपीएस एक्ट) में पुलिस ने अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञात हो कि 31 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 200 ग्राम एमडी और रसायन सामग्री के साथ 4 आरोपियों (जमशेद, रईस, सलीम और यूसुफ) को पकड़ा था। निरीक्षक शंकरसिंह चौहान द्वारा की जा रही सघन विवेचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 3 और फरार आरोपियों को दबोचा है। 11 मई को फरार आरोपी सलीम खान (निवासी राकोदा, थाना पिपलोदा) को गिरफ्तार किया गया। पवन उर्फ दीपेश पंडित (निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान) को पकड़ा गया। वांटेड आरोपी हारुन खान (निवासी कोटड़ी, प्रतापगढ़, राजस्थान) को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
चिकलाना एमडी फैक्ट्री प्रकरण में 24 गिरफ्तार, 7 की तलाश जारी: 16 जनवरी 2026 को कालूखेड़ा के ग्राम चिकलाना में पकड़ी गई अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री के मामले में भी पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी है। इस बड़ी रेड में 10 किलो 930 ग्राम एमडी, भारी मात्रा में रसायन, हथियार और वाहन जब्त किए गए थे। शुरुआती कार्रवाई में 16 आरोपियों को जेल भेजा गया था। निरीक्षक स्वराज डाबी की विवेचना में 15 अन्य लोगों की भूमिका सामने आई, जिनमें से 8 अतिरिक्त आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चिकलाना प्रकरण में गिरफ्तार 8 नए आरोपी जिनमें इंन्शा पिता हसन लाला, हसन लाला उर्फ हुसैन गुल, फरजाना पति हसन लाला, अमजद पिता खुश्मीर खां पठान, जहांगीर पिता नय्युम खां पठान, सभी निवासी चिकलाना, मोहनलाल प्रजापत लसूडय़िानाथी, कालूखेड़ा, शाहरुख खान, सोहेल पठान दोनो निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान शामिल है। वही चिकलाना मामले में अभी भी 7 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में दबिश दी जा रही है। फरार आरोपी जावेद पठान हाथीखाना, नई पुलिया के पास जावरा, अल्तमस पठान आदर्श नगर जावरा, अनस पठान आदर्श नगर, जावरा, जावेद उर्फ जेजी देवल्दी, प्रतापगढ़ राजस्थान, इमरान पठान उर्फ सनिया शिवाजी नगर, मुम्बई महाराष्ट्र, रोशिंदर सिंह गौतम मालागढ़, बुलंदशहर, उत्तरप्रदेश, राजू लाला उर्फ नजीमखान चिकलाना कालूखेड़ा कि गिरफ्तारी के लिए विभिन्न राज्यों में दबिश दी जा रही है।
सप्लाई चेन और हवाला नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस कप्तान अमित कुमार का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर एमडी ड्रग्स के निर्माण, उसकी विस्तृत सप्लाई चेन और आर्थिक लेन-देन (फंडिंग) की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का लक्ष्य इस पूरे अंतरराज्यीय सिंडिकेट की जड़ों को खत्म करना है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
