
ग्वालियर। स्वदेशी विचार, स्वावलंबन और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच, ग्वालियर एवं ग्रंथालय व सूचना अध्ययनशाला, जीवाजी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून रविवार को एक दिवसीय विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय के सभागार में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ चिंतक एवं मार्गदर्शक दत्तोपंत ठेंगड़ी के विचारों और उनके द्वारा प्रतिपादित स्वदेशी दर्शन पर विशेष चर्चा होगी। स्वदेशी जागरण मंच देशभर में स्वदेशी, स्वावलंबन और आर्थिक राष्ट्रवाद के विषयों पर लगातार विचार वर्ग और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
आयोजकों के अनुसार प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं, विद्यार्थियों, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को स्वदेशी चिंतन से जोडऩा है। कार्यक्रम में स्वदेशी विचारधारा, आत्मनिर्भर भारत, आर्थिक स्वराज तथा स्वदेशी समाज के निर्माण जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को इन विचारों को व्यवहार में उतारने के लिए प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञ, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्वदेशी जागरण मंच के पदाधिकारी अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के लिए पंजीयन और समन्वय की जिम्मेदारी मंच के पदाधिकारियों को सौंपी गई है। इच्छुक प्रतिभागी विभाग संयोजक डॉ. सर्वेश तिवारी, जिला संयोजक सुधीर भदौरिया तथा जिला संयोजक लोकेंद्र राजपूत (9584120183) से संपर्क कर सकते हैं।
