रोड ओव्हर ब्रिज का प्रभारी मंत्री ने किया लोकार्पण

बालाघाट। मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने 13 जून को बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले रेल्वे क्रासिंग बीके-09, किलोमीटर 1048/0-1 पर निर्मित रोड ओव्हर ब्रिज (आरओबी) का लोकार्पण किया। इस ब्रिज के लोकार्पण के साथ ही इससे वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। रोड ओव्हर ब्रिज से आवागमन शुरू होने से रेलवे की मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग क्रमांक बीके-09, किलोमीटर 1048/0-1 को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

 

लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि राजा भोज के नामकरण वाले इस ओव्‍हरब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम में उन्‍हें शामिल होने का सौभाग्‍य मिला है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करते है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल में देश में व्‍यापक स्‍तर पर परिवर्तन आया है और विकास के अनेको कार्य कराये जा रहे है। इससे बालाघाट जिला भी अछुता नही रहा है। बालाघाट में रेलवे क्रासिंग पर निर्मित यह पुल केवल बालाघाट जिले की जनता के लिए ही नही बल्कि यहॉ आने वाले यात्रियों के लिए भी एक सुखद अहसास कराने वाला माध्‍यम बनेगा। इसका लाभ जिले की जनता और आने वाले यात्रियों को लंबे समय तक मिलेगा। यह रोड ओव्‍हरब्रिज बालाघाट जिले के विकास के नये द्वारा खोलेगा और नई संभावनाओं को जन्‍म देगा।

 

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण हो गए है। उनके नेतृत्‍व में देश में प्रगति के नये सोपान तय किये है और देश को तेजी से विकास की राह पर आगे बढाया है। हम सौभाग्‍यशाली है कि हमें डबल इंजन की सरकार मिली है। केंद्र और राज्‍य दोनो सरकारों में समन्‍वय होता है तो वहॉ पर प्रगति पहले दस्‍तक देती है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कमजोर व गरीब तबके के लोगो को ध्‍यान में रखकर योजनाएं बनायी है। उन्‍होंने आयुष्‍मान भारत योजना में गरीबों को एक साल में 05 लाख तक का मुफ्त ईलाज की सुविधा दी है। वहीं मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुष्‍मान कार्ड धारकों के लिए एयर एम्‍बुलेंस की सुविधा उपलब्‍ध करायी है। मध्‍यप्रदेश देश का पहला राज्‍य है जहां पर गरीब लोगो को एयर एम्‍बुलेंस की सुविधा उपलब्‍ध करायी गई है।

 

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बालाघाट के जनप्रतिनिधियों को सामंजस्‍य के साथ जिले के विकास की कार्य योजना तैयार करने के लिए बधाई दी और कहा कि आज लोकार्पित हो रहे ब्रिज का नाम राजा भोज के नाम पर किया गया है। यह एक सराहनीय कार्य है।

 

कार्यक्रम की अध्‍यक्ष सांसद श्रीमती भारती पारधी ने इस अवसर पर अपने सम्‍बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में देश तेजी से बदल रहा है और बालाघाट भी इस बदलाव का साक्षी बन रहा है। केंद्र एवं राज्‍य की डबल इंजन की सरकार में जिले में सर्वांगीण विकास हो रहा है। बालाघाट शहर में बने 02 रोड ओव्‍हरब्रिज का कार्य पूर्ण होकर इनसे आवागमन शुरू हो गया है। अब भटेरा रोड पर बनने वाले ओव्‍हरब्रिज के काम में गति आयेगी। सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि उनके द्वारा बैहर रोड पर भी ओव्‍हरब्रिज निर्माण के लिए प्रयास किया जा रहा है और उम्‍मीद है कि इसमें सफलता मिल जाएगी। उन्‍होंने कहा कि बालाघाट जिला नक्‍सल गतिविधियों के लिए कुख्‍यात रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के प्रयासों से बालाघाट जिला नक्‍सल मुक्‍त हो गया है।

बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर वैनगंगा नदी के पुल के पहले रेल्वे क्रासिंग बीके-09, किलोमीटर 1048/0-1 पर 21 करोड 68 लाख रुपए की लागत से रोड ओव्‍हरब्रिज का निर्माण किया गया है। इस ब्रिज की लंबाई 746 मीटर है। इस ब्रिज से आवागमन शुरू होने से यात्रियों को आने जाने में सुविधा हो गई है।

 

रोड ओव्‍हर ब्रिज के लोकार्पण अवसर पर विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, श्री राजकुमार कर्राहे, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे, श्री गौरीशंकर बिसेन, श्री प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्वार, कलेक्टर श्री मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, जिला पंचायत श्री डुलेन्द्र ठाकरे, श्री झामसिंह नागेश्वर, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, श्रीमती मीना रहांगडाले, श्री सत्यनारायण अग्रवाल, सेतु निर्माण संभाग के अधीक्षण यंत्री श्री जी पी पटले, एसडीओ श्री अर्जुन सनोडिया, नगर पालिका के पार्षद, अन्य गणमान्य नागरिक, पत्रकार एवं आमजन उपस्थित थे।

Next Post

वाहनों की टक्कर के बाद फोरव्हीलर बनी आग का गोला, एक जिंदा जला, कई लोगों के दबे होने की आशंका

Sat Jun 13 , 2026
जबलपुर। जबलपुर- मंडला हाईवे पर स्थित बरेला के प्रसिद्ध शारदा मंदिर के पास दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा हुआ है। रेत से लदे एक तेज रफ्तार हाइवा, एक फोरव्हीलर और एक अन्य अज्ञात वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुर्घटना के चंद […]

You May Like