एनीमिया के वास्तविक कारणों की पहचान कर करें उपचार : डॉ सोनवणे

बैतूल। बैतूल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मिशन रानी अंतर्गत ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि एनीमिया की समस्या के वास्तविक कारणों की पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूर्ति नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण स्क्रीनिंग और बेहतर उपचार परिणाम प्राप्त करना है।

डॉ. सोनवणे ने कहा कि किशोरी बालिकाओं, महिलाओं तथा गर्भवती एवं धात्री माताओं में एनीमिया एक गंभीर जनस्वास्थ्य समस्या है। इसके पीछे उचित पोषण के प्रति जागरूकता की कमी, असंतुलित खानपान, संक्रमण तथा आयरन की कमी जैसे अनेक कारण जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित बालिकाओं और महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक रेफरल और उपचार उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ बालिका ही आगे चलकर स्वस्थ माता बनती है और स्वस्थ शिशु को जन्म देती है, जो भविष्य में एक स्वस्थ नागरिक बनता है। देश के विकास के लिए स्वस्थ नागरिकों का होना आवश्यक है, इसलिए मिशन रानी को मिशन मोड में संचालित करते हुए एनीमिया उन्मूलन के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

कलेक्टर ने अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को एनीमिया के दुष्प्रभावों और मिशन रानी के महत्व की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किशोरी बालिकाएं और महिलाएं स्वास्थ्य जांच के लिए आगे आएं।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े को निर्देश दिए कि आरबीएसके, जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा जिला शिक्षा केंद्र के ब्लॉक स्रोत समन्वयकों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में मिशन रानी की नोडल अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने एनीमिया की स्क्रीनिंग, वास्तविक कारणों की पहचान, रेफरल, उपचार, जनजागरूकता गतिविधियों तथा गूगल फॉर्म के माध्यम से डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीएमओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ, सुपरवाइजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Next Post

वकील को जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Sat Jun 13 , 2026
रायसेन। मध्यप्रदेश में रायसेन शहर के एक अधिवक्ता को विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अधिवक्ता मुकेश शाक्या को फिलीपींस कंट्री कोड वाले एक व्हाट्सएप […]

You May Like