सोमवती अमावस्या से पहले हरिद्वार पुलिस का बड़ा अभियान, 21 ढोंगी बाबा हिरासत में

हरिद्वार, 13 जून (वार्ता) हरिद्वार पुलिस ने सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के मद्देनजर धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को गुमराह करने वाले तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 21 कथित ढोंगी बाबाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172(2) के तहत चालान किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को चलाये गये ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन और चेकिंग अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान साधु-संतों का वेश धारण कर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को घरेलू, पारिवारिक तथा व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झूठा भरोसा देकर गुमराह करने वाले व्यक्तियों की पहचान की गयी।

पुलिस के मुताबिक ये लोग धार्मिक आस्था का लाभ उठाकर लोगों को अपने प्रभाव में लेने का प्रयास कर रहे थे। जांच के दौरान 21 ऐसे व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जो किसी मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्थान से संबद्धता अथवा वैध पहचान के बिना साधु-संतों का वेश धारण कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे।

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा धार्मिक आस्था की पवित्रता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आस्था के नाम पर ठगी, अंधविश्वास और भ्रम फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति के बहकावे में न आएं और यदि कोई व्यक्ति चमत्कार, तंत्र-मंत्र या समस्या के समाधान के नाम पर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि धर्म की आड़ में लोगों का शोषण करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ की गयी है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये गये हैं।

 

 

 

Next Post

खेती किसानी कभी घाटे का सौदा नहीं था: योगी

Sat Jun 13 , 2026
वाराणसी, 13 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन में दो दिवसीय आयोजित विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पहले […]

You May Like