न्यूयॉर्क | मशहूर उद्यमी एलन मस्क ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए दुनिया के पहले ‘ट्रिलियनेयर’ बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी कंपनी ‘स्पेसएक्स’ के शेयर बाजार में सूचीबद्ध होते ही इसमें भारी उछाल आया, जिससे मस्क की कुल संपत्ति बढ़कर 1.1 ट्रिलियन डॉलर (करीब 92 लाख करोड़ रुपये) हो गई। निवेशकों की भारी मांग के चलते कंपनी के शेयरों में एक ही दिन में 23 फीसदी की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई।
टूटे सभी पुराने रिकॉर्ड
स्पेसएक्स ने इस आईपीओ के जरिए 75 बिलियन डॉलर जुटाकर ‘सऊदी अरामको’ के वैश्विक रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। बाजार में कंपनी का कुल मूल्यांकन 2.1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। कंपनी को हाल के दिनों में घाटा उठाना पड़ा है, इसके बावजूद मस्क के भविष्योन्मुखी विजन और अंतरिक्ष तकनीक में निवेशकों का अटूट विश्वास इस सफलता की बड़ी वजह बना है।
मंगल मिशन और भविष्य की राह
एलन मस्क ने स्पष्ट किया है कि जुटाई गई राशि का उपयोग उनके महत्वाकांक्षी ‘मंगल ग्रह मिशन’ और ‘स्टारलिंक’ सैटेलाइट नेटवर्क के विस्तार में किया जाएगा। मस्क का लक्ष्य केवल अंतरिक्ष अनुसंधान ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को चांद और मंगल ग्रह तक पहुँचाना है। साथ ही, यह पूंजी एआई (AI) के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और नई तकनीक विकसित करने में भी निवेश की जाएगी।

