सतना :नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में मस्टर रोल पर कार्यरत एक सफाईमित्र की ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों के बीच शोक की लहर दौड़ गयी।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सफाईमित्र सुभाष कुमार पिता स्वर्गीय जोगिंदर, निवासी बजरहा टोला, हर रोज की तरह वार्ड क्रमांक-34 प्रेमनगर क्षेत्र में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद सहकर्मियों द्वारा उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। नगर निगम स्वास्थ्य शाखा के कर्मचारियों द्वारा अपने स्तर पर मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वहीं नगर निगम प्रशासन की ओर से भी परिजनों को आर्थिक मदद दिए जाने की बात कही गई है।
शोक व्यक्त किया
सफाईमित्र सुभाष कुमार के आकस्मिक निधन पर महापौर योगेश ताम्रकार, नगर निगम आयुक्त डॉ शेर सिंह मीणा सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
