शांति समिति की बैठक में छाया रहा प्रतिमा का मुद्दा

सीधी । शांति समिति की बैठक में आज प्रतिमा का मुद्दा छाया रहा। प्रतिमा को लेकर लोगों ने अपनी-अपनी बातें रखी।

शांति समिति की बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद वर्मा एवं युवा समाजसेवी विनय सिंह बीनू तथा पुनीत नारायण शुक्ला द्वारा प्रतिमा को लेकर अपने विचार रखे। इनके द्वारा तत्संबंध में वैधानिक कार्यवाही पर जोर दिया गया। आगामी महाराणा प्रताप जयंती एवं मुहर्रम पर्व को जिले में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, नगर पालिका अध्यक्ष काजल वर्मा, विभिन्न समाजों एवं धर्मों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि जिले में सभी पर्व एवं आयोजन सामाजिक समरसता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों, यह सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसी गतिविधि नहीं की जानी चाहिए जिससे जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के जुलूस, शोभायात्रा अथवा सार्वजनिक आयोजन के पूर्व संबंधित विहित प्राधिकारियों से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। साथ ही आयोजकों को कार्यक्रम की सूचना पुलिस विभाग को भी देना आवश्यक होगा। किसी भी अप्रिय स्थिति के निर्मित होने पर संयम बनाए रखते हुए तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं संबंधित विभागों को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा यातायात एवं पुलिस विभाग को सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद सीधी की अध्यक्ष काजल वर्मा ने नगरीय क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

००

त्यौहारों को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने पुलिस सतर्क: संतोष

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है।

००००००००००००

Next Post

अतिक्रमण की चपेट में भुईमाड़ बाजार, नाली व सडक़ पर कब्जा

Fri Jun 12 , 2026
कुसमी । जनपद कुसमी के ग्राम पंचायत भुईमाड़ के बाजार वाले स्थल का मामला सामने आया है जहां कि सडक़ और नाली दोनों अतिक्रमण की चपेट में है। दर्जनों से भी ज्यादा स्थानीय दुकानदारों के सडक़ो पर अवैध अतिक्रमण के कारण पूरा मुख्य सडक़ मार्ग ही सकरा हो गया है। […]

You May Like