सारनी। भीषण गर्मी के बीच नागरिकों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद सारनी द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। लेकिन हालिया निरीक्षण में कई स्थानों पर व्यवस्थाओं में लापरवाही सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें कई प्याऊ पर पानी की कमी और मानवसेवियों की अनुपस्थिति पाई गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम ने बताया कि 7 और 8 जून को किए गए निरीक्षण के दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों में स्थापित प्याऊ की स्थिति का परीक्षण किया गया। जांच में कई स्थानों पर कुल 39 मटके खाली या निर्धारित संख्या से कम पाए गए, जबकि 7 प्याऊ केंद्रों पर दोपहर 2 बजे मानवसेवी मौजूद नहीं मिले।
निरीक्षण के दौरान शनि मंदिर सारनी, बजरंग मंदिर पाथाखेड़ा, पोस्ट ऑफिस सारनी, यूनियन बैंक, शोभापुर बस स्टॉप, ऑफिसर्स क्लब तथा एसबीआई चौक सहित कई स्थानों पर पानी की व्यवस्था प्रभावित मिली। वहीं पाथाखेड़ा चौपाटी, मस्जिद चौक और एबी टाइप क्षेत्र के प्याऊ में मटकों में पानी नहीं पाया गया।
नगर पालिका ने इसे सेवा में लापरवाही मानते हुए संबंधित ठेकेदार मे. वेदांत इंटरप्राइजेस सारनी के देयक से 6,575 की कटौती करने का नोटिस जारी किया है।
