भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने आधुनिक तकनीक और साइबर विशेषज्ञता के प्रभावी उपयोग से पिछले एक माह के दौरान प्रदेशभर में गुम एवं चोरी हुए 1,136 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए हैं। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ 18 लाख रुपये आंकी गई है।
“देशभक्ति जनसेवा” के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, साइबर हेल्प डेस्क, डिजिटल विश्लेषण और जिला पुलिस बलों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रेस किए। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और कानून-व्यवस्था तंत्र पर अपना भरोसा और मजबूत होने की बात कही।
मोबाइल बरामदगी के मामले में इंदौर सबसे आगे रहा, जहां क्राइम ब्रांच ने विभिन्न राज्यों से 230 मोबाइल फोन खोज निकाले, जिनकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। भंवरकुआं और विजय नगर थाना पुलिस की कार्रवाई सहित कुल 260 मोबाइल फोन और अन्य संपत्ति बरामद की गई, जिनका मूल्य लगभग 66.60 लाख रुपये है।
दमोह पुलिस ने 208 मोबाइल फोन (41.60 लाख रुपये), जबकि शिवपुरी पुलिस ने 120 मोबाइल फोन (30 लाख रुपये) बरामद कर लौटाए। “ऑपरेशन सहयोग” के तहत खंडवा पुलिस ने विभिन्न राज्यों से 151 मोबाइल फोन ट्रेस किए, जिनकी कीमत 22.84 लाख रुपये से अधिक है।
भोपाल, अशोकनगर, धार, छतरपुर, अनूपपुर और सिवनी में भी उल्लेखनीय सफलताएं दर्ज की गईं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि साइबर तकनीक, अंतरराज्यीय समन्वय और आधुनिक पुलिसिंग की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने भविष्य में भी नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
