जबलपुर: सिहोरा थाना अंतर्गत शनि मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रहे बिना नंबर के लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरेली बार, थाना पानउमरिया कटनी निवासी लक्ष्मण चौधरी अपनी ससुराल जुझारी गोसलपुर गया था जहां से वे अपने साढ़ू भाई सत्येंद्र चौधरी के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर सिहोरा जा रहा था बाइक सत्येंद्र चला रहा था।
जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल सिहोरा में शनि मंदिर के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, लेकिन उसकी ट्रॉली पर बड़े अक्षरों में सूरज चक्रवर्ती लिखा हुआ था। ट्रैक्टर चालक वाहन को बेहद तेज गति से लापरवाही पूर्वक चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में लक्ष्मण के बाएं कंधे, कलाई और सिर में चोटें आई हैं।
वहीं सत्येंद्र चौधरी के सिर और बाएं कान में गंभीर चोट लगने के कारण वे मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। लक्ष्मण ने तुरंत एक ऑटो की व्यवस्था की और बेहोशी की हालत में सत्येंद्र को शासकीय अस्पताल सिहोरा लेकर भागे। घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मण का साला अनिल चौधरी भी अस्पताल पहुंच गया। सत्येंद्र की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जबलपुर के लिए रेफर कर दिया। अनिल तुरंत सत्येंद्र को लेकर जबलपुर रवाना हुआ, लेकिन वहां इलाज के दौरान सत्येंद्र ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
