युवा कांग्रेस का पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) युवा कांग्रेस ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज यहां पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन कर इसे कायराना हरकत बताया और कहा कि यह हमला मानवता के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध है।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरुण पांडेय ने बताया कि श्री चिब के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आयोग के बाहर प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए श्री चिब ने कहा कि पहलगाम में हुआ कायराना आतंकी हमला मानवता के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध है। यह आतंकी हमला एक भयानक त्रासदी है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह हमला समाज में नफरत फैलाने की कोशिश है जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उनका कहना था कि देश आतंक के खिलाफ एकजुट हैं इसलिए नफरती ताकतों का सामना मिलकर करेंगे।

उन्होंने कहा “पहलगाम हमले को पांच दिन बीत चुके है लेकिन हमारे लोगों का हमारी सरजमीं पर खून बहाने वालों के खिलाफ अब तक कारवाई नही हुई है। गत 23 अप्रैल को बीएसएफ का एक जवान गलती से बॉर्डर पार कर गया, जिसे पाकिस्तान की सेना ने पकड़ लिया है और अब तक जवान वापस हिंदुस्तान नहीं आया। जवान पी के सिंह का परिवार बेहद चिंतित है। मोदी सरकार को इस गंभीर मामले में कदम उठाने चाहिए और जवान को सुरक्षित वापस भेजना चाहिए। आज पूरा देश पहलगाम में शहीद हुए लोगों के लिए न्याय मांग रहा है। अब वक्त कूटनीति नहीं, सीधा और सख़्त जवाब देने का है। पूरा देश सेना और सरकार के साथ खड़ा है। सीमा पार बैठे आतंकी संगठनों को पाकिस्तान सरकार की खुली शह है। आतंक के खिलाफ हम सब आज एकजुट है, पर अब सहने की नहीं, सख़्त जवाब देने की बारी है।”

Next Post

ट्रक और पिकअप भिड़े, तीन को सुरक्षित बाहर निकाला गया

Mon Apr 28 , 2025
सतना। नेशनल हाइवे नंबर 30 के बेला गोबिंदगढ़ ओवरब्रिज पर रविवार रात ट्रक और पिकअप पार्सल वाहन में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। सूचना मिलते ही बेला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप में फंसे चालक सहित दो अन्य व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन गलत […]

You May Like