सिंगरौली: जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजमिलान में देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर से खून निकल रहा था और उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। हालांकि घटना कैसे हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन बताया जा रहा है कि कई लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाने और तमाशा देखने में लगे रहे। इसी बीच सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के सक्रिय सदस्य वीरेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत स्थिति को संभाला।
संगठन के सदस्यों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को बिना देर किए निजी वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। समय पर मिली सहायता के कारण युवक की जान बच सकी।इस पूरे घटनाक्रम को लेकर संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे समय में हर व्यक्ति को आगे आकर मदद करनी चाहिए।
