लखनऊ, 10 जून (वार्ता) कोलकाता के 31 वर्षीय सुनीत चौरसिया ने लखनऊ गोल्फ क्लब में खेले जा रहे पहले 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाले डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्स जेन विजय कुमार मेमोरियल के दूसरे राउंड में बिना किसी बोगी के ‘8-अंडर’ 62 का स्कोर किया और दो-शॉट की बढ़त बना ली।
भारतीय गोल्फिंग दिग्गज एसएसपी चौरसिया के भतीजे सुनीत (70-62) ने, जिन्होंने पहले राउंड में 70 का स्कोर किया था, ‘8-अंडर’ 132 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 13वें स्थान से लीडरबोर्ड में शीर्ष स्थान हासिल किया। कोलकाता के इस गोल्फर ने, जो अभी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्स जेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में छठे स्थान पर हैं, बुधवार को आठ बर्डी और बिना किसी बोगी के टूर्नामेंट का सबसे कम स्कोर वाला राउंड खेला।
पंचकूला के अभिषेक कुमार (65-69), जो पहले दिन लीडर थे, लगातार दूसरे राउंड में ‘वन-अंडर’ 69 (बिना किसी बोगी के) का स्कोर करने के बाद ‘सिक्स-अंडर’ 134 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए।
पिछले नेक्स जेन इवेंट, पटना गोल्फ क्लब द्वारा आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी गोल्फ चैंपियनशिप के विजेता चौरसिया ने शॉटगन फॉर्मेट में ‘पार-4’ नौवें होल से अपना राउंड शुरू किया। उन्होंने अपने शुरुआती नौ होल्स में तीन बर्डी हासिल कीं और फिर अगले नौ होल्स में शानदार खेल दिखाया, जहाँ उन्होंने पांच और बर्डी बनाईं, जिसमें तीसरे से छठे होल तक लगातार चार बर्डी शामिल थीं।
दिल्ली के 41 साल के पवन कुमार ने पहले राउंड में 67 के स्कोर के बाद दूसरे राउंड में 68 (दो-अंडर) का स्कोर किया और पाँच-अंडर 135 के स्कोर के साथ अकेले तीसरे स्थान पर पहुँच गए।
नोएडा के बिपिन मुखिया (70-67), जो अभी नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट में सबसे आगे हैं, लखनऊ के राजेश कुमार गौतम (68-69), जो नेक्सजेन स्टैंडिंग में तीसरे स्थान पर हैं, और पंचकूला के 15 साल के अर्जुनवीर शिशिर (69-68) ने तीन-अंडर 137 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
लखनऊ के ऋषि कुमार टॉप-10 में शामिल दूसरे स्थानीय खिलाड़ी थे; वे दो-अंडर 138 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर रहे। 36-होल का कट छह-अंडर 146 पर रहा, और 71 में से 39 खिलाड़ी फाइनल राउंड में पहुँचे।
