मोदी का कार्यकाल देश के राजनीतिक एवं विधायी इतिहास को नए स्वरूप में परिभाषित करने वाला सिद्ध हुआ : विजेन्द्र

नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल भारत के राजनीतिक एवं विधायी इतिहास को नए स्वरूप में परिभाषित करने वाला सिद्ध हुआ है।

श्री गुप्ता ने आज श्री मोदी को देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका ऐतिहासिक कार्यकाल भारत के राजनीतिक एवं विधायी इतिहास को नए स्वरूप में परिभाषित करने वाला सिद्ध हुआ है। उनकी दूरदर्शी सोच ने हमारी विधान संस्थाओं को केवल बहस के मंचों से आगे बढ़ाकर तीव्र राष्ट्रीय विकास के प्रभावी माध्यमों में परिवर्तित किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का अपने ऐतिहासिक लगातार तीसरे कार्यकाल के दौरान 4,399 दिनों की सेवा पूर्ण करना उनके नेतृत्व में जनता के सतत विश्वास का प्रतीक है तथा भारत की लोकतांत्रिक एवं राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुरूप शासन व्यवस्था ने विकास के लाभों को अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि कल्याण को सशक्तिकरण से, प्रौद्योगिकी को पारदर्शिता से तथा विकास को समावेशन से जोड़ने से ऐसी शासन प्रणाली विकसित हुई है, जिसमें नागरिक नीति निर्माण और उसके क्रियान्वयन के केंद्र में हैं।

श्री गुप्ता ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना तथा मुद्रा योजना जैसी प्रमुख योजनाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, स्वच्छ पेयजल, वित्तीय सेवाओं तथा आजीविका के अवसरों तक अभूतपूर्व पहुँच सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पीएम श्री विद्यालय, विभिन्न छात्रवृत्ति कार्यक्रम, स्किल इंडिया मिशन तथा विकसित होते अनुसंधान संस्थानों ने देश के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं तथा भविष्य के लिए सक्षम कार्यबल की मजबूत नींव रखी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना के क्षेत्र में भारत का वैश्विक नेतृत्व बीते दशक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। यूपीआई, डिजिलॉकर तथा डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने नागरिकों द्वारा सेवाओं के उपयोग और अर्थव्यवस्था में उनकी भागीदारी के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है।

श्री गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत तथा मेक इन इंडिया की परिकल्पना ने घरेलू विनिर्माण को गति दी है, रक्षा उत्पादन को सुदृढ़ किया है तथा देशभर में बड़े पैमाने पर अवसंरचना विकास को प्रोत्साहित किया है। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा के तीव्र विस्तार, राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये भारत की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के स्पष्ट उदाहरण हैं।

भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत जलवायु परिवर्तन, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तथा ग्लोबल साउथ के सहयोग जैसे विषयों पर एक प्रभावशाली वैश्विक आवाज़ बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” का संकल्प देश को स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष तक समृद्ध, तकनीकी रूप से उन्नत, समावेशी और आत्मविश्वासी राष्ट्र बनाने का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत करता है।

 

 

Next Post

पुलिस ने किया 24 घंटे में दो चोरी का खुलासा एक से मंगलसूत्र, दूसरे से लाखों का माल बरामद

Wed Jun 10 , 2026
रतलाम। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को बुधवार को दो बड़ी सफलताएं मिलीं। माणकचौक और पिपलोदा थाना पुलिस ने अलग-अलग चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया लाखों रुपये का मशरूका […]

You May Like