माधव नगर स्टेशन से विवेकानंद कॉलोनी तक 18 मी. मार्ग होगा चौड़ा

उज्जैन:सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन शहर के चारों ओर सड़कों के चौड़ीकरण का व्यापक अभियान चल रहा है. इसी क्रम में माधव नगर रेलवे स्टेशन से विवेकानंद कॉलोनी तक के मार्ग को भी सड़क चौड़ीकरण में शामिल किया गया है. मास्टर प्लान के अनुसार इस सड़क को 18 मीटर तक चौड़ा किया जाना प्रस्तावित है.नया साल 2026 लगने के साथ ही सिंहस्थ 2028 के आयोजन में अब मात्र दो वर्ष शेष रह गए हैं. ऐसे में शहर में सौंदर्यीकरण, चौड़ीकरण और अधोसंरचना विकास के कार्य तेज गति से शुरू हो गए हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इस बार सिंहस्थ को अब तक का सबसे भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने की तैयारी है. अनुमान है कि करीब 30 करोड़ श्रद्धालु सिंहस्थ के दौरान उज्जैन पहुंचेंगे, ऐसे में उनके आवागमन, स्नान और दर्शन के लिए सड़कों का व्यवस्थित होना अत्यंत आवश्यक है.

बाउंड्री वॉल पर विवाद
शनिवार को उज्जैन नगर निगम की टीम लोटी स्कूल क्षेत्र में पहुंची, जहां विवेकानंद कॉलोनी मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है. इस दौरान मौके पर हल्का-फुल्का विवाद भी सामने आया. दरअसल, लोकमान्य तिलक स्कूल के प्राचार्य व अन्य जिम्मेदार स्कूल की सुरक्षा को लेकर बाउंड्री वॉल निर्माण की तैयारी कर रहे थे. इस पर मोहल्ले के रहवासी एकत्र हो गए और आपत्ति जताई कि पर्याप्त निजी भूमि होने के बावजूद सरकारी जमीन पर दीवार क्यों बनाई जा रही है.

टेंडर में लेना जमीन
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकारी जमीन का टेंडर निकलता है तो नियमानुसार कोई भी उसे ले सकता है, लेकिन बिना अनुमति कब्जा कर बाउंड्री वॉल बनाना स्वीकार्य नहीं है. फिलहाल लोटी स्कूल प्रबंधन की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.

विवेकानंद कॉलोनी का मार्ग होगा चौड़ा
मास्टर प्लान में लोटी स्कूल चौराहे से विवेकानंद कॉलोनी वाले इस मार्ग को 18 मीटर तक चौड़ा करने का प्रावधान है, जिससे इसे टू लेन के साथ-साथ भविष्य में फोर लेन के रूप में भी विकसित किया जा सकता है. जिस तरह हरिफाटक मार्ग क्षेत्र में सिक्स लेन सड़क बनाई गई है, उसी तर्ज पर आसपास की प्रमुख सड़कों को भी टू लेन और फोर लेन किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों का आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके.

भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा
माधव नगर रेलवे स्टेशन क्षेत्र शहर का प्रमुख प्रवेश बिंदु है और यहीं से विवेकानंद कॉलोनी का मार्ग जुड़ता है. ऐसे में सिंहस्थ के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिहाज से यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

पास में ही चौड़ीकरण शुरू
नीलगंगा चौराहा से लेकर केटीएम शोरूम, नानाखेड़ा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो चुका है. नगर निगम द्वारा पहले ही इस क्षेत्र में आने वाले अतिक्रमणों और सड़कों की जद में आने वाले मकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाए जा चुके हैं. कई रहवासी और व्यापारी स्वयं अपने निर्माण तोड़कर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं.

पुरानी चिमनी ध्वस्त
हाल ही में माधव नगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित लोटी स्कूल परिसर की पुरानी औद्योगिक चिमनी को भी गिराया गया है. यह कार्रवाई स्टेशन क्षेत्र के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण योजना का हिस्सा बताई जा रही है. खाली पड़ी जमीन पर अब जनहित की योजना पर मंथन किया जा रहा है.

रहवासियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
विवेकानंद कॉलोनी और फ्रीगंज क्षेत्र के निवासी इस चौड़ीकरण से सीधे प्रभावित होंगे, क्योंकि यह मार्ग शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ता है. हालांकि, अधिकांश लोगों का कहना है कि सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन और भविष्य के विकास को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण आवश्यक है और इससे शहर को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा

Next Post

दिल्ली का वायु प्रदूषण 'गंभीर' श्रेणी में पहुँचा, लागू हुआ ग्रैप 4

Sun Jan 18 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) राजधानी दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में शनिवार को भारी उछाल को देखते हुए ग्रैप 4 स्तर की पाबंदियां लागू कर दी गयीं। यहां रात आठ बजे एक्यआई 428 दर्ज किया गया। इस प्रदूषण के स्तर को और बढ़ने से रोकने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन […]

You May Like