नयी दिल्ली, (वार्ता) राजधानी दिल्ली की औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में शनिवार को भारी उछाल को देखते हुए ग्रैप 4 स्तर की पाबंदियां लागू कर दी गयीं।
यहां रात आठ बजे एक्यआई 428 दर्ज किया गया। इस प्रदूषण के स्तर को और बढ़ने से रोकने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के चौथे चरण (स्टेज-IV) की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया।
विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिकूल मौसम और वायुमंडलीय स्थितियों के साथ-साथ प्रदूषकों के बिखराव न हो पाने के कारण हवा की गुणवत्ता में गिरावट आई है। शाम 4 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के बुलेटिन में सूचकांक 400 तक पहुँच गया था। इसे देखते हुए सीएक्यूएम की उप-समिति ने एहतियाती कदम के तौर पर पूरे एनसीआर में स्टेज-IV की कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। यह वर्तमान में लागू स्टेज-I, II और III के अलावा होगी।
गंभीर वायु प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय रोग से पीड़ित लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहरी गतिविधियों से बचें और जितना संभव हो घर के अंदर रहें। बाहर निकलने पर मास्क पहनने का सुझाव भी दिया गया है।
