नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए सैफ केशव नेगी की रिहाई की मांग को लेकर उत्तराखंड मूल के लोग जंतर-मंतर पर सत्याग्रह और प्रदर्शन करेंगे।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धीरेंद्र प्रताप ने बुधवार को बताया कि इस प्रदर्शन का नेतृत्व उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष बिट्टू उप्रेती करेंगे। उन्होंने कहा कि केशव नेगी की गिरफ्तारी से दिल्ली में रहने वाले लाखों उत्तराखंडियों में भारी रोष है और बड़ी संख्या में लोग इसे अन्यायपूर्ण कार्रवाई मान रहे हैं।
श्री प्रताप ने कहा कि उत्तराखंडी समाज का मानना है कि केशव नेगी निर्दोष हैं तथा उनकी गिरफ्तारी गलत तरीके से की गई है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए समय मांगा गया है और यदि समय मिलता है तो उत्तराखंडी समाज की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया जाएगा। उनका कहना था कि इस मुद्दे को लेकर दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में उत्तराखंडी समाज की बैठकों का दौर जारी है और केशव नेगी की रिहाई के समर्थन में एक संगठित अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। साथ ही उत्तराखंड मूल के अधिवक्ता भी उनके पक्ष में मजबूत कानूनी पैरवी की तैयारी कर रहे हैं।
श्री प्रताप ने कहा कि जब तक केशव नेगी को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और जंतर-मंतर पर होने वाला सत्याग्रह इसी अभियान का हिस्सा होगा।
