पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

धार। मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरियापानी गांव में एक 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पिपरियापानी निवासी खन्नेश चौहान का शव मंगलवार दोपहर महाकालेश्वर रोड पर एक बबूल के पेड़ से बेल्ट के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है। उनका कहना है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। परिजनों के अनुसार दोनों हाथों की उंगलियों में चोट थी तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी संदिग्ध निशान दिखाई दिए। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की है।

परिजनों ने बताया कि खन्नेश सोमवार शाम बाग के साप्ताहिक बाजार गया था। इसके बाद वह अपने कुछ परिचितों के साथ देखा गया था। देर शाम से उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा, जिसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी गई थी, जबकि दोपहर में उसका शव बरामद हुआ।

घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बाग थाने पहुंचे तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। परिजनों ने युवक के साथ अंतिम बार देखे गए लोगों से पूछताछ किए जाने की मांग भी की है।

बाग थाना प्रभारी कैलाश चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु

Wed Jun 10 , 2026
बैतूल। मध्य रेल के मुलताई और जौलखेड़ा रेलवे स्टेशनों के बीच अमरावती-जबलपुर एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना आज तड़के अप रेलवे ट्रैक पर हुई। रेलकर्मी दुर्गेश बारंगे द्वारा दी […]

You May Like