
बैतूल। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रेत जब्त की है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम चिखलपाटी स्थित भड़ंगा नदी क्षेत्र में संयुक्त छापामार कार्रवाई की गई।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शाहपुर के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान शासकीय भूमि से अवैध रूप से रेत निकालकर समीपस्थ जंगल क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर उसका भंडारण किया जाना पाया गया। अधिकारियों ने एक स्थान पर 210 घन मीटर और दूसरे स्थान पर 120 घन मीटर रेत का भंडारण पाया। इस प्रकार कुल 330 घन मीटर रेत अवैध रूप से संग्रहित मिली, जिसे मौके पर जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और एक डंपर रेत से भरे हुए पाए गए। संयुक्त दल ने इन वाहनों को भी जब्त कर लिया। अधिकारियों ने अवैध भंडारण और परिवहन में शामिल वाहन मालिकों एवं चालकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई में तहसीलदार घोड़ाडोंगरी, नायब तहसीलदार चोपना, खनि निरीक्षक, सहायक खनि अधिकारी, पुलिस बल, ग्राम पंचायत सचिव, कोटवार तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशासन ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत अर्थदंड प्रस्तावित कर प्रकरण न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किया जाएगा।
