
इंदौर. कनाडिया थाना क्षेत्र में एक युवती ने प्रेमी के घर में घुसकर जमकर हंगामा किया. उसने युवक की बुजुर्ग मां से मारपीट की और खुद को कमरे में बंद कर आत्महत्या की धमकी देने लगी. पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि अरावली परिसर भूरी टेकरी निवासी फरियादी पूर्णिमा बिडवान की शिकायत पर आरोपी खुशी उर्फ शाइना खान, निवासी अजमेर (राजस्थान) के खिलाफ केस दर्ज किया है. आरोपी जबरन घर में घुस गई और आते ही घर में उत्पात मचाने लगी. आरोप है कि युवती ने घर में मौजूद बुजुर्ग महिला को कमरे में बंद कर दिया, उनके साथ गाली-गलौज की और मुंह दबाकर मारपीट की. इस दौरान उसने जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद आरोपी ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और अंदर से चिल्लाते हुए परिवार को धमकाने लगी कि वह मोहनिश को किसी भी हालत में नहीं छोड़ेगी. साथ ही चेतावनी दी कि अगर उसकी बात नहीं मानी गई तो वह आत्महत्या कर परिवार को फंसा देगी, घटना से परिवार में दहशत फैल गई. परिजनों ने किसी तरह बुजुर्ग महिला को छुड़ाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. कनाडिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ घर में घुसने, मारपीट, गाली-गलौज, बंधक बनाने का प्रयास और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
