पीएम माेदी के 12 साल का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण का परिचायक: योगी

लखनऊ, 9 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को ‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ वर्ष बताते हुए कहा कि सेवा-व्रती प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में भारत की अभूतपूर्व प्रगति का साक्षी आज पूरा विश्व बन रहा है।

योगी ने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जीवन का प्रत्येक क्षण सेवा और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उनके लिए जनसेवा कोई दायित्व नहीं, बल्कि सतत जीवन-साधना है। उनका लक्ष्य देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास, सम्मान और अवसर पहुंचाना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि इसी सोच के साथ ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना, अंत्योदय के संकल्प और जनसेवा के मंत्र को आधार बनाकर प्रधानमंत्री ने जनभागीदारी को विकास की सबसे बड़ी शक्ति में परिवर्तित किया और सुशासन को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया।

उन्होने कहा कि युगांतरकारी नेतृत्व में भारत ने केवल विकास की गति नहीं बढ़ाई, बल्कि विकास की दिशा और दृष्टि दोनों को नया आयाम दिया है। संरचनात्मक सुधारों, डिजिटल परिवर्तन, उद्यमशीलता को प्रोत्साहन और जीएसटी, पीएम गति शक्ति जैसी परिवर्तनकारी पहलों ने भारत को विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्तियों में सशक्त स्थान दिलाया है। यह केवल आर्थिक प्रगति की गाथा नहीं, बल्कि संवेदनशील, समावेशी और सतत विकास का भी प्रेरक उदाहरण है।

योगी ने मिशन लाइफ, नवीकरणीय ऊर्जा और स्वच्छ गतिशीलता जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके जरिए विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का एक नया वैश्विक मॉडल प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण से अन्नदाता समृद्धि तक, नारी शक्ति से युवा सामर्थ्य तक, स्वास्थ्य सुरक्षा से तकनीकी नवाचार तक, रक्षा आधुनिकीकरण से सांस्कृतिक पुनर्जागरण तक – जनसेवा का यह मंत्र आज करोड़ों भारतीयों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को नई गति प्रदान करने वाले इस अमृतकाल को सेवा, सुशासन और समर्पण की सतत साधना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इसी साधना ने भारत को नया विश्वास, नई ऊर्जा और नई दिशा प्रदान की है। आत्मविश्वासी, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के अमृतकाल के इस प्रेरणादायी और सशक्त अध्याय के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

 

 

 

Next Post

कुएं से मोटर निकालते समय हादसा, रस्सी टूटने से पिता-पुत्र की मौत

Tue Jun 9 , 2026
दमोह: जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाकला में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया.कुएं से मोटर निकालते समय अचानक रस्सी टूट गई, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई.मृतकों की पहचान रामदयाल ठाकुर उम्र करीब 55 वर्ष और उनके पुत्र संजय ठाकुर उम्र करीब 35 वर्ष […]

You May Like