
इंदौर। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल नवलखा चौराहा इन दिनों बदहाल सड़क के कारण वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। गत दिनों यहां पाइपलाइन फूटने के बाद मरम्मत कार्य के लिए सड़क को खोदा गया था। मरम्मत कार्य पूरा होने के बावजूद सड़क को पूर्ववत नहीं बनाया गया, जिससे चौराहे पर बड़े-बड़े गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ रास्ता बन गया है। इसका खामियाजा रोजाना हजारों वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
नवलखा चौराहा से हर दिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया, ऑटो रिक्शा, मालवाहक वाहन एवं यात्री बसों का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां यातायात प्रभावित हो रहा है। कई बार वाहन असंतुलित होकर दुर्घटना की स्थिति भी निर्मित कर रहे हैं। बुधवार को एक तीन पहिया वाहन गहरे गड्ढे में बुरी तरह फंस गया, जिसके चलते कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। आसपास मौजूद लोगों की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।
वाहन चालक विकास चौहान ने बताया कि उन्हें सड़क की खराब स्थिति का पहले से अंदाजा था, लेकिन पीछे से आ रही एक कार को साइड देने के दौरान उनका वाहन सीधे गड्ढे में उतर गया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। उनका कहना है कि प्रशासन को ऐसी लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और मरम्मत कार्य पूरा होने के तुरंत बाद सड़क को सुचारु रूप से दुरुस्त किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। विशेष रूप से बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
