सिंगरौली: कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्राकृतिक आपदा से संबंधित सभी प्रकरणों का त्वरित निराकरण करें। साथ ही मॉडल सड़क निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नपानि एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर ने डीईओ, डीपीसी तथा डीपीओ को ऐसे विद्यालय एवं आंगनवाड़ी भवनों का स्थल निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए, जो जर्जर हो चुके हैं अथवा जिनकी मरम्मत आवश्यक है।
उन्होंने ननि आयुक्त को नगरीय क्षेत्रों में स्थित जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को निर्देशित किया। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। मॉडल सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान कार्य की धीमी प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने ननि आयुक्त एवं संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में अतिरिक्त मैनपावर लगाकर कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
