जबलपुर : मझोली थाना अंतर्गत कटंगी-पोला रोड पर अज्ञात वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मौके का मंजर बेहद हृदयविदारक था। सडक़ पर घायल तड़प रहे थे। एक की सांस थम चुकी थी । दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम पोला निवासी धरमदास (52) को गांव के ही अरविंद ने फोन कर भयावह हादसे की जानकारी दी। अरविंद ने हड़बड़ाते हुए फोन पर कहा, हम लोगों का एक्सीडेंट हो गया है, जल्दी आओ। सूचना मिलते ही धरमदास और पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। जब पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद हृदयविदारक था। सडक़ किनारे अरविंद और चंदन गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़े तड़प रहे थे।
वहीं उनके साथ मौजूद ज्ञान सिंह ठाकुर (56) की सांसें थम चुकी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अज्ञात वाहन तीनों को कुचलकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला था। पुलिस ने दोनों गंभीर घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद मृतक ज्ञान सिंह ठाकुर के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर मर्ग कायम कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
