आष्टा। मांगों को लेकर आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत कर दी. कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम, विधायक एवं बीएमओ को ज्ञापन सौंपकर मांगों का नराकरण करने की मांग की.
आशा-ऊषा कार्यकर्ता महिला संगठन के बैनर तले लगभग 350 कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल का बिगुल फूंक दिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारों के साथ प्रदर्शन किया. आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं को पिछले तीन माह से भुगतान नहीं मिला है तथा प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य विभागों के कार्य भी कराए जाते हैं, जबकि उनके मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई है. प्रशासनिक अधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. 10 जून को प्रदेशभर की आशा-ऊषा कार्यकर्ता भोपाल में सीएम निवास का घेराव करेंगी.
