सतना: रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते ही आगंतुकों का स्वागत चौतरफा फैले अतिक्रमण के साथ साथ भट्ठी से निकलने वाले धुएं के साथ होता था। नवभारत द्वारा इस समस्या को प्रमुखता से उठाये जाने के बाद ननि का अतिक्रमण दस्ता सक्रिय हुआ और स्टेशन रोड पर दर्जन भर से अधिक अतिक्रमण हटाए गए।नगर निगम के अतिक्रमण शाखा प्रभारी दीपक बागरी के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ता सोमवार को स्टेशन रोड पर पहुंचा। जहां पर दस्ते ने कार्रवाई करते हुए सड़क पर फैले सारे सामान को दुकान संचालकों को हटा लेने की चेतावनी दी गई।
यह देखते ही दुकान संचालकों के बीच खलबली मच गई और आनन फानन में सभी ने अपना अपना सामान समेटना शुरू कर दिया। इस दौरान दस्ते ने यह चेतावनी भी दी कि दुकान के सामने लगाई गई भट्ठियों को भी दुकान के अंदर ले जाना होगा। जिसे देखते हुए दुकानदारों ने कड़ी मशक्कत करते हुए अपनी अपनी भट्ठियां भी किनारे की ओर सरकानी शुरू कर दीं।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर संचालित कई होटल, भोजनालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलेआम सडक़ तक अपना सामान और सामग्री को कुछ इस तरह फैलाकर रखने लगे थे कि वे सडक़ की सीमा लांघकर सार्वजनिक मार्ग तक पहुंच गए थे। इतना ही नहीं बल्कि होटलों द्वारा डंके की चोट पर अपनी कोयले की भट्टी को सडक़ ड्योड़ी तक फैलाकर ऐसा धुआं किया जाता है कि इस शहर में आने वाले यात्री बुरी तरह परेशान हो जाते थे। रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश बिंदु होने के कारण यहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों को इस समस्या से जूझना पड़ता था।
