शिवपुरी: रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के लिये केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कार्य सुचारू रूप से करने को कहा है। सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिवपुरी में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह किसी एक संसदीय क्षेत्र का कार्यक्रम नहीं है। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के करैरा, पोहरी, गुना, राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के चाचौड़ा और राधवगढ़ के मरीजों को भी लाभ मिलना चाहिये।
यह स्वास्थ्य का महाकुंभ है और इसका लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को मिले। सभी से आग्रह किया कि मरीजों को लाना लेजाना व ऑपरेशन चिकित्सा की व्यवस्था सुचारू रूप से रहे यह सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिये शिवपुरी, गुना, अशोकनगर कलेक्टर, प्रभारी मंत्री एवं अन्य जिलाध्यक्षगण सेवा भावना से कार्य करें। यह आठ दिन का सेवा पर्व है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में तीनों प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, गोविन्द राजपूत, राकेश शुक्ला तीनों जिले के कलेक्टर, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष, रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, सचिव प्रदीप पाराशर, माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. अनूपराज चोपड़ा, सचिव रमेश अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
