लंबे समय से बदहाल नसिया मार्ग को ठीक करने का काम शुरू

इंदौर:लंबे समय से बदहाल नसिया मार्ग को ठीक करने का काम नगर निगम ने शुरू कर दिया है. उबड़-खाबड़ और खराब सड़क को समतल किया जा रहा है. सड़क पर मजबूती और बेहतर आवागमन के लिए सीमेंट के पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं. नसिया मार्ग की बदहाली को लेकर नवभारत में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन और नगर निगम हरकत में आया और इस सड़क का यह सुधार कार्य आरंभ हुआ.

ज्ञात हो, नसिया मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था. सीवरेज कार्य के बाद सड़क जगह-जगह से उखड़ी पड़ी थी, गड्ढों और बिखरी गिट्टी के कारण आए दिन जाम लगता था, जिससे आसपास के व्यापारियों, रहवासियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही थी. कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे थे. इस पर जनसमस्या को प्राथमिकता देते हुए नवभारत ने नसिया मार्ग की बदहाली को प्रमुखता से प्रकाशित किया.

खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर गया और मार्ग पर सुधार कार्य शुरू कर दिया गया. सड़क को समतल कर सीमेंट पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं. सड़क सुधार का काम शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है. हालांकि, मुख्य मार्ग पर पेवर ब्लॉक की गुणवत्ता और बारिश के दौरान दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी हैं. क्योंकि, मधु मिलन चौराहे पर पहले पेवर ब्लॉक लगाने के बाद बारिश में परेशानी सामने आई थी. अब नसिया मार्ग पर लगाए जा रहे पेवर ब्लॉक का भविष्य देखने वाली बात होगी.

यह बोले रहवासी

नसिया मार्ग महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है. खराब सड़क के कारण ग्राहक और व्यापारी दोनों परेशान थे. सड़क सुधरने से आवागमन आसान होगा और यातायात जाम भी कम होगा. निगम द्वारा इस कार्य को गुणवत्तापूर्ण किया जाना चाहिए.
– अतीक खान

पिछले कई महीनों से नसिया मार्ग की हालत खराब थी, जाम के कारण बड़ी गाड़ियां फंसती थीं और छोटे वाहन चालक दुर्घटना का शिकार होते थे. सड़क सुधर जाने पर लोगों को काफी राहत मिलेगी.
– राजेंद्र कुवाल

जनता की इस गंभीर समस्या को प्रकाशित कर प्रशासन तक पहुंचाने के लिए नवभारत का धन्यवाद. अब पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं, यह अच्छी बात है, लेकिन बारिश में इनकी स्थिति कैसी रहेगी, इस पर भी ध्यान देना जरूरी है.
– अर्पित मगरे

Next Post

हूटर बजते ही मौके पर एकत्रित हुआ रेल अमला

Fri Aug 28 , 2026
सतना : गुरुवार की दोपहर 12:45 मिनट पर अचानक रेलवे का हूटर बजना शुरु हो गया. मौके पर भागते हुए पहुंचे रेल अमला को जानकारी मिली कि डभौरा और कटइयाडंडी रेलवे स्टेशन के बीच मालगाड़ी डीरेल हो गई है. लेकिन इससे पहले ही दुर्घटना राहत यान रवाना होता, मॉक ड्रिल […]

You May Like