ईरान का दावा, ‘ऑपरेशन नस्र’ के तहत इजरायल के प्रमुख सैन्य हवाई अड्डों को बनाया निशाना

तेहरान, 08 जून (वार्ता) ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने सोमवार को दावा किया कि उसने इजरायली हमलों के जवाब में ‘ऑपरेशन नस्र’ (विजय) नामक व्यापक सैन्य अभियान चलाकर इजरायल के नेवातिम और तेल नोफ वायुसेना अड्डों को निशाना बनाया है। आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने यह अभियान ईरान के विभिन्न हिस्सों में स्थित कई रडार ठिकानों पर इजरायल द्वारा किये गये मिसाइल हमलों के जवाब में चलाया।
बयान के अनुसार यह कार्रवाई इजरायली सैन्य गतिविधियों का सीधा जवाब थी और इससे ईरान की त्वरित जवाबी क्षमता तथा लक्ष्यों के चयन की व्यापकता का प्रदर्शन हुआ है। आईआरजीसी ने कहा कि उसकी सभी लड़ाकू और परिचालन इकाइयां उच्च सतर्कता पर हैं तथा यदि क्षेत्रीय तनाव और बढ़ता है तो आगे भी कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

यह अभियान रविवार को ईरानी बलों द्वारा इजरायली क्षेत्र की ओर दागी गयी मिसाइलों की श्रृंखला के बाद शुरू किया गया। ईरानी मीडिया के अनुसार इजरायली समाचार माध्यमों ने बताया कि गोलान हाइट्स, हाइफा, नाज़रेथ, सफेद और टिबेरियास सहित कई क्षेत्रों में हवाई हमले के सायरन बजाये गये। ईरान ने कहा कि यह हमला लेबनान में इजरायल की जारी सैन्य कार्रवाइयों, विशेष रूप से बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर किये जा रहे हमलों, से जुड़ा हुआ है। तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि इजरायल ने सैन्य कार्रवाई जारी रखी तो और अधिक जवाबी कदम उठाये जा सकते हैं।

उधर, इजरायली सेना ने कहा कि ईरान ने सोमवार को मिसाइल हमलों की एक और खेप दागी है। इजरायली मीडिया के अनुसार कब्जे वाले पश्चिमी तट (वेस्ट बैंक) की कई बस्तियों की ओर मिसाइलें दागी गईं, जिससे कई इमारतों को नुकसान पहुंचा। इजरायल के समाचार पत्र ‘द टाइम्स ऑफ इजरायल’ के अनुसार सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एयाल ज़मीर ने कहा है कि इजरायल तेहरान पर जवाबी हमला करने के लिए तैयार है, लेकिन वह राजनीतिक नेतृत्व से अंतिम मंजूरी का इंतजार कर रहा है। उन्होंने सैन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान कहा, “ जैसे ही हरी झंडी मिलेगी, आईडीएफ पूरी ताकत के साथ दुश्मन पर हमला करेगा।” इजरायली मीडिया के अनुसार हत्ज़ेरिम एयरबेस क्षेत्र, तेल अवीव और उसके आसपास के कई इलाकों में भी चेतावनी सायरन सक्रिय किये गये। ईरान और इजरायल के बीच यह ताजा सैन्य टकराव दोनों देशों के बीच तनाव में बड़ा उछाल माना जा रहा है और इससे व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की आशंकाएं और बढ़ गयी हैं।

.....

Next Post

पिपरिया में लोहे की रॉड्स से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दबने से 18 वर्षीय युवक की मौत, चालक गंभीर

Mon Jun 8 , 2026
पिपरिया। आज सबेरे पिपरिया तहसील के परसवाड़ा गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात लोहे की रॉड से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली सांडिया गांव से सुरेला गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान […]

You May Like