शिवपुरी: खनियाधाना थाना क्षेत्र के नयागांव गोलाकोट में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। खेत के कुएं में नहाने गए 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक कल दोपहर से लापता था, जिसकी तलाश में पुलिस, एसडीईआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार जुटी रही। करीब 24 घंटे बाद आज युवक का शव कुएं से बरामद किया गया।
नयागांव गोलाकोट निवासी अमित जाटव (19) गांव के पास झूतरी की पुलिया के नजदीक स्थित एक खेत के कुएं पर नहाने के लिए गया था। नहाते समय वह कुएं के गहरे हिस्से में पहुंच गया और पानी में डूब गया। जब काफी देर तक अमित घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान ग्रामीणों को आशंका हुई कि वह कुएं में डूब गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास पहुंच गए। परिजनों ने तत्काल खनियाधाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी। खोज अभियान के बावजूद अमित का कोई पता नहीं चल सका। कुएं की गहराई और पानी अधिक होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
एसडीईआरएफ और गोताखोरों ने संभाला मोर्चा
युवक के लापता होने की सूचना पर एसडीईआरएफ टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस, गोताखोरों और एसडीईआरएफ की संयुक्त टीम ने रात तक खोजबीन जारी रखी, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह एक बार फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अमित जाटव का शव कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
