ग्वालियर: 1857 की क्रांति के अमर शहीद अमरचंद बांठिया के 168वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा सराफा बाजार स्थित उनके बलिदान स्थल एवं स्मारक पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जयवीर भारद्वाज, संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता, युवक हिंदू महासभा के जिला युवा अध्यक्ष आनंद माहौर एवं युवा महामंत्री धर्मेंद्र बरेलिया ने किया।
अभियान के बाद संगठन मंत्री रोहित जाटव, प्रवक्ता राहुल गुप्ता एवं हेमराज जाटव ने शहीद अमरचंद बांठिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डॉ. जयवीर भारद्वाज ने कहा कि ग्वालियर के महापुरुषों, क्रांतिकारियों एवं बलिदानियों की प्रतिमाओं पर नगर निगम द्वारा नियमित रूप से माल्यार्पण एवं साफ-सफाई की व्यवस्था की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि निगम की उदासीनता के कारण कई प्रतिमा स्थल गंदगी का शिकार हो रहे हैं, जिसे राष्ट्रभक्त समाज स्वीकार नहीं करेगा। हिंदू महासभा द्वारा 22 जून को बलिदान दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महासभा भवन, दौलतगंज में सुबह 8 बजे चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी बेताल केन को सौंपी गई है। इसके बाद सुबह 9:30 बजे सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। अमरचंद बांठिया के वंशज भूषण जैन बांठिया का सम्मान भी किया जाएगा।
