जबलपुर: घमापुर थाना अंतर्गत दुर्गा कॉलोनी में बहन की शादी के लिए लोन, पैसों का इंतजाम करने के चक्कर में सेल्समैन जालसाजों के जाल में फंस गया और 1.19 लाख की ठगी का शिकार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक, दुर्गा कॉलोनी घमापुर निवासी 23 वर्षीय साहिल विश्वकर्मा पेशे से सेल्समैन है। घर में बहन की शादी होने के कारण उसे पैसों की सख्त जरूरत थी। साहिल ने ऑनलाइन लोन के लिए बजाज फाइनेंस के ऑफिशियल मोबाइल एप्लीकेशन पर अपनी क्वेरी दर्ज की थी। ऐप पर प्रोसेस पूरा करते ही उसका डेटा साइबर ठगों के पास पहुंच गया।
लोन की क्वेरी करने के ठीक बाद, 27 मई को साहिल के मोबाइल पर राजगोपाल कुंदन नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने साहिल से लोन एप्लीकेशन आईडी व्हाट्सएप पर मांगी। इसके तुरंत बाद एक दूसरे नंबर से कॉल आया और लोन अप्रूवल के नाम पर साहिल से उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की फोटोकॉपी और फोटो व्हाट्सएप पर ले ली गई। साहिल ने जब 3 लाख के लोन की जरूरत बताई, तो ठगों ने उसे झांसा देने के लिए एक फर्जी ब्याज दर और ईएमआई का चार्ट भी व्हाट्सएप पर भेज दिया। साहिल को झांसे में लेने के बाद आरोपी राजगोपाल कुंदन ने लोन प्रोसेस करने के नाम पर 2,550 की मांग की।
ठग ने साहिल के मोबाइल पर एक क्यूआर कोड भेजा, जिस पर साहिल ने गूगल पे के जरिए पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने कहा कि थोड़ी देर में बैंक से वेरिफिकेशन कॉल आएगा। कुछ ही देर बाद साहिल के पास एक नए नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का मैनेजर बताया। उसने कहा, आपका 3 लाख का लोन अप्रूव हो गया है, लेकिन इसे खाते में रिलीज करने के लिए फाइनेंस और फाइल चार्ज जमा करना होगा। लोन मिलने की उम्मीद में साहिल आरोपियों के झांसे में आता गया और उसने अलग-अलग बार में कुल 1, 16, 642 ठगों के क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दिए। जब खाते में लोन की रकम नहीं आई और आरोपियों ने और पैसों की डिमांड शुरू कर दी, तब साहिल को ठगी का अहसास हुआ। राजगोपाल कुंदन नाम के आरोपी ने लोन के नाम पर साहिल से कुल 1, 19, 192 ऐंठ लिए थे। पीड़ित साहिल ने थाना में मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई।
