
अहमदपुर। थाना क्षेत्र के खस्ताखेड़ी गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. नाराज परिजन और ग्रामीण शव को एंबुलेंस में रखकर अहमदपुर थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार, खस्ताखेड़ी गांव के पास खेत में हुए हादसे में मनीष मेवाड़ा पिता कुंवर सिंह मेवाड़ा, निवासी ग्राम छतरी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना था कि घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. मौके पर मौजूद थाना प्रभारी रमन ठाकुर ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाइश दी तथा मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलायाप्त उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.
