ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर इंदौर में हाई अलर्ट

इंदौर. शहर में प्रस्तावित ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कमिश्नर ने रविवार को पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए.

बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध व मुख्यालय) आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) मयंक अवस्थी सहित सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे. कमिश्नर ने सम्मेलन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, होटल और कार्यक्रम स्थलों सहित सभी महत्वपूर्ण जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और जवानों को पहले से ब्रीफ किया जाए. कार्यक्रम स्थल, भ्रमण मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पीएसओ और लाइजनिंग अधिकारियों से समन्वय रखा जाए, रूट चेकिंग, पायलट व्यवस्था और ड्राइवरों का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए. होटल स्टाफ और आसपास रहने वाले लोगों का भी वेरिफिकेशन सुनिश्चित करने को कहा. कमिश्नर ने संवेदनशील इलाकों की पहचान कर हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में पेट्रोलिंग बढ़ाने, बदमाशों पर निगरानी रखने और उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी के जरिए सतत निगरानी रखने पर जोर दिया. यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और एंबुलेंस, अस्पताल व फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश भी दिए. सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. इस दौरान पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंहने कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान शहर में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. सभी अधिकारियों को अलर्ट रहकर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं.

Next Post

दो एटीएम में आग लगाने वाला युवक फरार

Sun Jun 7 , 2026
सीधी। जिले के सेमरिया बाजार में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात दो एटीएम में अज्ञात युवक द्वारा आग लगा दिए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाजार के बीच स्थित आगजनी काण्ड से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से एसबीआई और इंडिया वन के दोनों […]

You May Like