
छिंदवाड़ा। नगर निगम द्वारा टैक्स बढ़ाए जाने के खिलाफ जिला कांग्रेस, पार्षद दल, युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के सामने निगम की अर्थी निकालकर और हंडी जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने निगम से टैक्स कम करने और जनता को राहत देने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर निगम ने टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि निगम टैक्स वापसी का आश्वासन दे, वरना आंदोलन तेज किया जाएगा। करीब दो घंटे चले इस प्रदर्शन के बाद असिस्टेंट कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष गंगा तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण चौधरी, नगर अध्यक्ष पप्पू यादव, निगम अध्यक्ष सोनू मांगो, नेता प्रतिपक्ष हंसा दाढ़े, जय सक्सेना, एकलव्य आहके, अजय सिन्हा, रिक्कू नैयर, पिचू बैस और अंबर दाढ़े सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली राजीव गांधी भवन, फव्वारा चौक और कलेक्ट्रेट से होते हुए निगम पहुंची। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और निगम विरोधी नारे लगाए और हाथों में टैक्स विरोधी तख्तियां थामी हुई थीं।
टैक्स वृद्धि इस प्रकार हुई:
कचरा गाड़ी शुल्क: पहले शून्य, अब 1200
जलकर: 160 से बढ़कर 260
प्रॉपर्टी टैक्स: 20% वृद्धि
अन्य टैक्सों में भी बढ़ोतरी
