
सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झुमरिया में आज सुबह सडक़ में दौड़ाकर एक युवक की हत्या होने से समूचे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार मृतक भोला साकेत उम्र 35 वर्ष की हत्या जमीनी विवाद के चलते उसके परिवार के लोगों ने ही की है। घटना की सूचना मिलते ही बहरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिसके बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
चर्चा के दौरान स्थानीय लोगों का कहना है कि भोला साकेत घर का निर्माण कर रहा था। रास्ते को लेकर उसका विवाद सगे भाई से कई दिनों से चल रहा था। इसी विवाद के चलते भाई द्वारा हाल ही में उसके कच्चे घर में आग लगाने का प्रयास भी किया गया था किंतु कुछ लोगों के बीच-बचाव से घटना टल गई। आज सुबह रास्ते के विवाद को लेकर ही भोला साकेत के परिवार के ही करीब आधा दर्जन सदस्यों ने लाठी-डंडा से हमला बोल दिया। मारपीट से बचने के लिए वह घर से भागा भी लेकिन रास्ते में ही बेरहमी से पिटाई कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
०००००००००००
